#हरदोई:- जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विधान परिषद निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में हुई बैठक#
#हरदोई:- जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विधान परिषद निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में हुई बैठक#
#हरदोई: जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड शिक्षक एवं लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुयी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण की जाय। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयावधि के विषय में भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाय#
#जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन से संबंधित सभी तैयारियां समय से पूर्ण करते हुए उन्हें सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें। उन्होंने मतपत्रों एवं निर्वाचन सामग्री की व्यवस्था, मतदान कार्मिकों की तैनाती एवं प्रशिक्षण, माइक्रो ऑब्जर्वरों की नियुक्ति, डाक मतपत्र से संबंधित कार्यवाही, सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती तथा मतदेय स्थलों की आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मतदेय स्थलों पर पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, फर्नीचर, प्रकाश एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए#
#जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वाहनों के अधिग्रहण एवं उपलब्धता निर्धारित रूट प्लान के अनुसार सुनिश्चित की जाय। निर्वाचन प्रेक्षकगणों हेतु आवश्यक व्यवस्थाए समय से सुनिश्चित करने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए। जिला पूर्ति अधिकारी को मतदान कार्मिकों के खान-पान एवं आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने निर्वाचन प्रक्रिया की आवश्यक वीडियोग्राफी सहित अन्य व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप किए जाने हेतु निर्देशित किया। निर्वाचन संबंधी सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान एवं निगरानी के लिए कंट्रोल रूम की व्यवस्थाएं भी समय से पूर्ण करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान एवं मतगणना से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूर्ण की जाएं। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करें तथा निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए#
#इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दीपाली भार्गव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे#

No comments