#हरदोई:- बैंकों में 5 दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग तेज- बैंक ऑफ इंडिया अंचल कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन, हड़ताल की चेतावनी#
#हरदोई:- बैंकों में 5 दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग तेज- बैंक ऑफ इंडिया अंचल कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन, हड़ताल की चेतावनी#
#हरदोई: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर आज बैंक ऑफ इंडिया के अंचल कार्यालय पर कार्यालय समय समाप्ति के बाद बड़ी संख्या में बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एक स्वर से केंद्र सरकार से 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह को तत्काल लागू करने की मांग की। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के स्थानीय संयोजक एवं वरिष्ठ बैंककर्मचारी नेता राकेश पाण्डेय ने प्रदर्शनकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि भारतीय बैंकिंग क्षेत्र में लंबे समय से 5 दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग चल रही है। वर्तमान में बैंक महीने के दूसरे एवं चौथे शनिवार को छोड़कर छह दिन कार्यरत रहते हैं। डिजिटल बैंकिंग के तेज विस्तार एवं बढ़ते कार्य दबाव के बावजूद कर्मचारियों पर मानसिक तनाव एवं बर्नआउट की समस्या बढ़ रही है। परिवार एवं निजी जीवन के लिए समय न मिल पाने से कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित हो रहा है#
#बैंक अधिकारी संगठन एबाक नेता अनूप सिंह ने कहा कि इंडियन बैंकर्स एसोसिएशन एवं यूनियनों के बीच इस मुद्दे पर पहले ही सहमति हो चुकी है तथा प्रस्ताव केंद्र सरकार के पास लंबित है। इसके बावजूद निर्णय में हो रही देरी को यूनियनों ने अनावश्यक बताया। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस की स्थानीय इकाई के कार्यवाहक चैयरमैन क्षितिज पाठक ने कहा कि 5 दिवसीय सप्ताह लागू होने से लगातार दो दिन अवकाश मिलेगा, जिससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा एवं कार्य क्षमता में सुधार होगा। कुल कार्य घंटों में कोई कमी नहीं की जाएगी, बल्कि प्रतिदिन के समय में मामूली समायोजन से एकाग्रता बढ़ेगी एवं सेवा गुणवत्ता बेहतर होगी#
#बैंक अधिकारी संगठन नोबो के नेता हर्षित ने कहा कि ग्राहकों को किसी असुविधा की आशंका को यूनियनों ने खारिज करते हुए कहा कि आज यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग एवं एटीएम जैसी सेवाएं 24×7 उपलब्ध हैं। शाखाओं पर निर्भरता पहले ही काफी कम हो चुकी है। विश्व के कई विकसित देशों जैसे अमेरिका एवं ब्रिटेन में बैंक 5 दिवसीय सप्ताह पर कार्य करते हैं। भारत में भी सरकारी कार्यालय, LIC एवं कई निजी संस्थान इस व्यवस्था पर चल रहे हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने आंदोलन को और तेज करने का निर्णय लिया है। इसके तहत 04 जनवरी 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर राष्ट्रव्यापी अभियान चलाया जाएगा। अगले दिन यानी 05 जनवरी 2026 को सभी राज्य राजधानियों में पूरे दिन धरना दिया जाएगा#
#यदि सरकार ने शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो जनवरी 2026 के तीसरे सप्ताह में हड़ताल भी की जा सकती है। यूनियनों ने इसकी पूरी तैयारी कर रखी है। यूनियनों ने सरकार से अपील की है कि वह शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह को मंजूरी दे, ताकि बैंकिंग क्षेत्र को नई ऊर्जा एवं दिशा मिल सके। प्रदर्शन में प्रमुख रूप से आदर्श बाजपेयी, वेद प्रकाश पांडे, अजय मेहरोत्रा, कौशलेंद्र शुक्ल, आनंद वर्मा, प्रिया रस्तोगी, संचिता श्रीवास्तव, अनादि ब्रम्ह, अखिलेश मिश्र, पवन मिश्र, सुभाष पांडे, विद्वन्जय यादव, राजकुमार, धर्म सिंह, शिवकरन, अनिल कुमार, अमित पांडे, मो० फरजान, मुइज, वासिद हसन, आशुतोष गोला, गौरव सिंह, राम मिलन, विपिन गुप्ता, आशीष शर्मा, पुनीत कुमार, रजनीश कुमार, अमर सिंह, विकास सिंह, रवि वर्मा मौजूद रहे#

No comments