#दिल्ली:- सीलमपुर में भीषण आग से तबाही, 24 घंटे बाद भी नहीं बुझी, करोड़ों का नुकसान#
#दिल्ली:- सीलमपुर में भीषण आग से तबाही, 24 घंटे बाद भी नहीं बुझी, करोड़ों का नुकसान#
#दिल्ली: उत्तर- पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर क्षेत्र में गली नंबर–4, सफेद कॉलोनी के पास रविवार 22 फरवरी को शाम लगभग 4 बजे भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर काले धुएं का गुबार छा गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मौके पर कई दमकल गाड़ियां लगातार आग बुझाने में जुटी रहीं, लेकिन इसके बावजूद सोमवार 23 फरवरी 2026 को दोपहर 1 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। आग रह-रहकर भड़कती रही, जिससे आसपास की इमारतों को भी खतरा बना रहा#
#इस भीषण हादसे में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार अंसारी गारमेंट्स को छोड़कर सबसे अधिक नुकसान पंडरवा किला क्षेत्र के सिलाई कारखानों को हुआ है। कई छोटे-बड़े कारखाने पूरी तरह जलकर खाक हो गए। कारखानों में लगी महंगी जॉगिंग सिलाई मशीनें, कच्चा माल और तैयार कपड़े पूरी तरह जल गए। आग के कारण आसपास के कारखानों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे रविवार से ही कामकाज ठप पड़ा है। सैकड़ों कारीगरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है और वे काम न होने के कारण भटकने को मजबूर हैं#
#रात के समय किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए एहतियातन आसपास की कई इमारतों को खाली कराया गया। कारीगरों को पास की इमारतों में सोने से भी मना कर दिया गया, जिससे वे भय और असुरक्षा के माहौल में रहे।आग से प्रभावित कारखाना मालिकों ने प्रशासन से नुकसान की भरपाई और मुआवज़ा देने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द सरकारी सहायता नहीं मिली तो दोबारा कारोबार खड़ा करना मुश्किल हो जाएगा और सैकड़ों परिवारों के सामने रोज़गार का संकट और गहरा जाएगा। प्रशासन से नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता व राहत पैकेज देने की मांग की जा रही है। फिलहाल दमकल विभाग आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटा है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है#

No comments