#हरदोई:- औषधीय वाटिकाओं को हरा-भरा बनाने की कवायद तेज, भैनगांव पौधशाला से छह ब्लॉकों की ग्राम पंचायतों को पौधों का वितरण#
#हरदोई:- औषधीय वाटिकाओं को हरा-भरा बनाने की कवायद तेज, भैनगांव पौधशाला से छह ब्लॉकों की ग्राम पंचायतों को पौधों का वितरण#
#हरदोई: जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में औषधीय वाटिकाओं के निर्माण एवं उनके संरक्षण की दिशा में वन विभाग ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में वनरेंज कछौना के अंतर्गत कोथावां ब्लॉक के भैनगांव स्थित पौधशाला से जिले के छह विकासखंडों की ग्राम पंचायतों को औषधीय एवं उपयोगी प्रजातियों के पौधों का वितरण किया जा रहा है। पौधों के वितरण का उद्देश्य ग्राम पंचायत स्तर पर तैयार की जा रही औषधीय वाटिकाओं को हरा-भरा बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र का विस्तार करना है#
#भैनगांव स्थित पौधशाला की जिम्मेदारी संभाल रहे वन विभाग के दरोगा सचिन शर्मा ने बताया कि इस वर्ष पौधशाला में करीब दो लाख से अधिक पौधे तैयार किए गए थे। इन पौधों में लगभग 32 प्रजातियां शामिल हैं। जुलाई माह में शासन के निर्देशानुसार व्यापक वृक्षारोपण अभियान के तहत इन पौधों का विभिन्न स्थानों पर वितरण किया गया था। अब अगस्त माह में औषधीय वाटिकाओं को विकसित एवं संरक्षित करने के उद्देश्य से पौधों के वितरण का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है#
#उन्होंने बताया कि भैनगांव पौधशाला से वर्तमान में अहिरोरी, कोथावां, बेंहदर, भरावन, संडीला और कछौना विकासखंडों की ग्राम पंचायतों को पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ग्राम पंचायतों द्वारा इन पौधों को निर्धारित स्थानों पर रोपित कर औषधीय वाटिकाओं को विकसित किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को विभिन्न उपयोगी एवं औषधीय पौधों की उपलब्धता के साथ ही पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा#
#वन विभाग की इस पहल से गांवों में हरित क्षेत्र बढ़ने की उम्मीद है। औषधीय वाटिकाओं के माध्यम से ग्रामीणों को प्रकृति एवं औषधीय पौधों के महत्व के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास किया जाएगा। साथ ही इन वाटिकाओं के संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायतों की रहेगी, जिससे पौधों को रोपित करने के बाद उनके संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जा सके#
#वहीं पौधशाला में वनमाली के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे पंकज अवस्थी ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप वन विभाग की ओर से पूरे जनपद में हरित क्षेत्र को बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पौधशाला में तैयार किए गए पौधों को अलग-अलग अभियानों के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों तक पहुंचाया जा रहा है। जुलाई में व्यापक वृक्षारोपण अभियान के बाद अब औषधीय वाटिकाओं के लिए पौधों का वितरण किया जा रहा है#
#वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का कहना है कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब रोपे गए पौधों का नियमित संरक्षण और देखभाल सुनिश्चित की जाए। इसी को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायतों को पौधे उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके संरक्षण के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है#
#भैनगांव पौधशाला से छह विकासखंडों की ग्राम पंचायतों तक पौधों की आपूर्ति से ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली बढ़ने के साथ औषधीय वाटिकाओं को नया स्वरूप मिलने की उम्मीद है। विभाग का प्रयास है कि शासन की हरित अभियान संबंधी मंशा को धरातल पर प्रभावी रूप से उतारते हुए पूरे हरदोई जनपद को अधिक हरा-भरा बनाया जा सके#

No comments