#हरदोई में मिठाई की दुकानों पर खाद्य विभाग का छापा, 10 किलो सड़े रसगुल्ले नष्ट, 53 हजार का काजू सीज#
#हरदोई में मिठाई की दुकानों पर खाद्य विभाग का छापा, 10 किलो सड़े रसगुल्ले नष्ट, 53 हजार का काजू सीज#
#हरदोई: दीपावली से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने हरदोई में छापेमारी अभियान चलाया। संयुक्त टीम की कार्रवाई में 10 किलो सड़े रसगुल्लों को मौके पर नष्ट कराया गया, जबकि करीब 53 हजार रुपये कीमत का 60 किलो काजू सीज किया गया। इसके अलावा मिठाई की दुकानों से विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए#
#महादेव स्वीट्स पर मिले सड़े रसगुल्ले#
#खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बिलग्राम चुंगी स्थित महादेव स्वीट्स पर छापा मारा। यहां 10 किलो सड़े रसगुल्लों को मौके पर नष्ट कराया गया। टीम ने खोया और रसमलाई के नमूने भी लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। प्रतिष्ठान में अनियमितताएं मिलने पर संबंधित संचालक को नोटिस जारी किया गया#
#सांवरिया स्वीट्स से 60 किलो काजू सीज#
#इसके बाद टीम ने डीएम चौराहे स्थित सांवरिया स्वीट्स पर कार्रवाई की। यहां काजू का नमूना लेने के साथ करीब 60 किलो काजू सीज किया गया, जिसकी कीमत लगभग 53 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान बिना लाइसेंस संचालित फैक्ट्री को बंद कराकर मुकदमा दर्ज कराया गया#
#वृंदावन स्वीट्स से पेड़े का नमूना लिया#
#एसपी तिराहे स्थित वृंदावन स्वीट्स पर भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पहुंची। यहां से पेड़े का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। प्रतिष्ठान में मिली अनियमितताओं के संबंध में नोटिस जारी किया गया#
#अधिकारियों की टीम रही मौजूद#
#इस अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसके श्रीवास्तव के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्ञान प्रकाश, पटेल, मान सिंह और निरंजन मौजूद रहे#
#खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि दीपावली के त्योहार को देखते हुए मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी#

No comments