Breaking News


हरदोई:- प्रधानाध्यापिका ने पेश की अनूठी मिसाल#

#हरदोई : एक कहावत है कि अकेला चना भाड़ नही फोड़ सकता, लेकिन इस कहावत को झुठला दिया है विकास खण्ड भरावन के ग्राम भटपुर कटका में तैनात प्रधानाध्यापिका रीना राणा ने। उनका कहना है कि वह जब पहले दिन कार्यभार ग्रहण करने विद्यालय आयीं तो वह विद्यालय की भौतिक स्थिति देखकर स्तब्ध रह गयीं। तभी से उन्होंने ठान लिया कि विद्यालय का सौंदर्यीकरण करना है तथा विद्यालय के बालक/बालिकाओं का मानसिक, शारीरिक व उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने विद्यालय की मरम्मत व रंग-रोगन का कार्य पूर्ण कराया। निकटस्थ गाँव मे घर-घर जाकर बच्चो व उनके परिजनों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया जिससे कक्षा में बच्चों की उपस्थिति काफी बढ़ गयी। मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई आदि का विशेष ध्यान दिया गया। स्कूल में सुधार प्रक्रिया में ग्रामवासियों को भी सहभागी बनाया गया। उनको जागरूक किया गया कि विद्यालय की संपत्ति हम सबकी है। ग्राम प्रधान के सहयोग से विद्यालय को अतिक्रमण व गंदगी से मुक्त कराया गया। विद्यालय में छात्र-छात्राओं के सहयोग से पौध-रोपण कराया गया और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। रीना राणा ने निजी व्यय से विद्यार्थियों के बैठने हेतु बेंच व फर्नीचर आदि की व्यवस्था की तथा उनके खेलने के लिए विद्यालय परिसर का समतलीकरण कराया। खेलकूद के सामान जैसे बैट-बॉल, लूडो, कैरम, कूदने वाली रस्सी, बैडमिंटन, फुटबॉल आदि क्रय कर उपलब्ध कराए गए जिससे के मानसिक विकास के साथ-साथ शारीरिक विकास भी हो सके। विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति रुचिवर्धन के लिए शिल्पकला व अन्य रचनात्मक कार्य शुरू किए गए। उनके मन से शिक्षकों को लेकर भय का माहौल निकालने के लिए मैत्रीपूर्ण संबंधों पर जोर दिया गया। राष्ट्रीय पर्व व नव-वर्ष आदि पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, रचनात्मक कार्यों, वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं पुरस्कार वितरण कार्यक्रमों आदि का आयोजन कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय में छात्र/छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के अतिरिक्त शिल्पकला, चित्रकला, खेल-खेल में सजीव वस्तुओं जैसे फल, फूल, पत्ती, पौधा आदि से शिक्षा प्रदान करने व शारीरिक अभ्यास कराने की शुरूआत की। सर्वश्रेष्ठ छात्र/छात्रा पुरस्कार तथा कक्षा में शतप्रतिशत उपस्थिति पुरस्कार आदि के आश्चर्यजनक परिणाम मिले। आदर्श शिक्षिका रीना राणा भटपुर कटका में अपनी नियुक्ति को सौभाग्य मानती हैं। हमारे माननीय प्रधानमंत्री जी कहते हैं कि ’’माना कि अंधेरा घना है, लेकिन दिया जलाना कहाँ मना है’’। एक ऐसा ही उम्मीदों का दिया जलाकर ग्राम भटपुर कटका की प्रधानाध्यापिका रीना राणा ने दिखाया है#

खोज जारी है.24×7 न्यूज चैनल/ हिन्दी दैनिक समाचार पत्र की खास रिपोर्ट...

No comments