Breaking News

#हरदोई:- तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत, दो घंटे जाम से ठप रहा यातायात, कैमरे बंद मिले, लापरवाही पर बेनीगंज इंस्पेक्टर सस्पेंड#


#हरदोई:- तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौत, दो घंटे जाम से ठप रहा यातायात, कैमरे बंद मिले, लापरवाही पर बेनीगंज इंस्पेक्टर सस्पेंड#

#हरदोई: बघौली- प्रतापनगर मार्ग पर सोमवार रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने अटरा गांव के पास सड़क जाम कर दी, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। मामले में पुलिस की ढिलाई और इलाके में सुरक्षा सतर्कता की दृष्टि से लगे कैमरों के बंद मिलने पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस कप्तान ने बेनीगंज इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं। जानकारी के अनुसार अटरा गांव निवासी रामभजन पुत्र माखन सोमवार रात करीब 8:30 बजे बघौली–प्रतापनगर मार्ग पर था। इसी दौरान प्रतापनगर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामभजन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और लोगों ने अटरा गांव के पास ही सड़क जाम कर दी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बाद भी पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। जाम के कारण मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब दो घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
सूचना मिलने पर बेनीगंज और बघौली पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। देर रात करीब 12 बजे तक मौके पर ग्रामीणों की भीड़ बनी रही। घटना के बाद जब पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो सभी कैमरे बंद मिले। इससे दुर्घटना करने वाली कार की पहचान नहीं हो सकी। बंद पड़े कैमरों ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था और लापरवाही की पोल खोल दी है, जिसको लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। उधर, मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सड़क जाम और पुलिस की सुस्ती का तत्काल संज्ञान लिया। एसपी ने बेनीगंज इंस्पेक्टर ओम प्रकाश सरोज को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। मौके पर पहुंचे हरियावां क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही वाहन व चालक की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि यदि कैमरे चालू होते तो आरोपी कार चालक अब तक पुलिस की गिरफ्त में होता हालांकि उपरोक्त मामले को लेकर मोहकमे में खलबली सा माहौल है#

No comments