Breaking News

#उन्नाव:- अस्मिता फेडरेशन गेम्स में छाईं औरास की बेटियां, खुशी ने दो स्वर्ण जीतकर बढ़ाया मान#


#उन्नाव:- अस्मिता फेडरेशन गेम्स में छाईं औरास की बेटियां, खुशी ने दो स्वर्ण जीतकर बढ़ाया मान#

#छात्राओं का शानदार प्रदर्शन, उपासना ने भी दो स्पर्धाओं में रजत पदक जीतकर बढ़ाया विद्यालय का गौरव#

#उन्नाव: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सेंट लारेस स्कूल में भारत सरकार द्वारा आयोजित खेलो इंडिया अस्मिता लीग एथलेटिक्स गेम्स में विकासखंड औरास के रामपुर गढ़ौवा की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन किया। विद्यालय की होनहार एथलीट खुशी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा स्थापित कर दिया। विशेष रूप से 200 मीटर दौड़ को लगभग 30 सेकेंड में पूरा कर खुशी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में अंडर-13, अंडर-18 और ओपन वर्ग में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर तथा रिले दौड़ की स्पर्धाएं कराई गईं। भारत सरकार की पहल पर महिलाओं को खेलों के माध्यम से आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया#

#कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्षा शकुन सिंह, सदर विधायक पंकज गुप्ता तथा नगर पालिका परिषद उन्नाव की अध्यक्षा श्वेता मिश्रा उपस्थित रहीं। प्रतियोगिता का संचालन जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सबरवाल खेलो इंडिया कोच कुसमेश कुमार, मेरा युवा भारत अधिकारी अनुपम कुमार कैथवास एवं धर्मेंद्र शर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों से 400 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया#

#प्रतियोगिता में रामपुर गढ़ौवा की छात्राओं का प्रदर्शन सबसे अधिक चर्चा का विषय रहा। विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा उपासना ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किए। इसके अतिरिक्त रिले प्रतियोगिता में भी रामपुर गढ़ौवा की टीम ने रजत पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में चार चांद लगा दिए। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिलाधिकारी उन्नाव गौरांग राठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश पांडे तथा खंड शिक्षा अधिकारी औरास संजय शुक्ल ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्राओं की इस सफलता के पीछे उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा के शिक्षक एवं कोच प्रदीप कुमार वर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रतियोगिता के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सबरवाल और खेलो इंडिया के कोच कुशमेश कुमार ने भी छात्राओं के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कोच प्रदीप वर्मा के प्रयासों की प्रशंसा की#

#प्रतियोगिता के अन्य परिणामों में अंडर-13 वर्ग की 100 मीटर दौड़ में शशि ने प्रथम तथा अंशिका ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि अंडर-13 वर्ग की 200 मीटर दौड़ में अंशिका मौर्य ने प्रथम तथा शाहाना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-18 वर्ग की 100 मीटर दौड़ में प्रशिष्ठी ने प्रथम तथा उपासना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-18 वर्ग की 200 मीटर दौड़ में रामपुर गढ़ौवा की खुशी ने प्रथम तथा उपासना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-18 वर्ग की 400 मीटर दौड़ में रामपुर गढ़ौवा की खुशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अदिति ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अपर-18 वर्ग की 200 मीटर दौड़ में गौरी त्रिवेदी ने प्रथम तथा सोहेम रावत ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि अपर-18 वर्ग की 400 मीटर दौड़ में शीला ने प्रथम तथा मीनाक्षी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एथलीट निर्णायक की जिम्मेदारी खेलो इंडिया कोच कुसमेश कुमार ने संभाली। विजेता बच्चों को अतिथियों ने मेडल पहनाकर उनका सम्मान किया।विद्या सागर मिश्र, बृजेश सागर, रचना त्रिवेदी, सौरभ कुमार, कृष्ण प्रताप सिंह, सलोनी आदि उपस्थित रहे। कॉलेज के प्रिंसिपल के योगदान की सभी ने सराहना की#

No comments