#हरदोई:- गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में आप का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन#
#हरदोई:- गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में आप का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन#
#हरदोई: 14 मार्च। देश में बढ़ती महंगाई और एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि के विरोध में शनिवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवाह्न पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे विरोध कार्यक्रम के तहत हरदोई में भी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा#
#जिलाध्यक्ष आशुतोष पाठक के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडरों की किल्लत से आम जनता परेशान है और कई जगह लोगों को गैस के लिए लाइनों में लगना पड़ रहा है#
#जिलाध्यक्ष आशुतोष पाठक ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये तथा कमर्शियल सिलेंडर के दामों में 120 रुपये की वृद्धि ने गरीब और मध्यम वर्ग के साथ-साथ छोटे व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों छोटे कारोबारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि देश में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से आयात की जाती है और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है। उनका आरोप है कि अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ता तेल खरीदने में कमी करने के कारण देश को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है, जिसका बोझ आम जनता पर महंगाई के रूप में पड़ रहा है। पार्टी नेताओं ने यह भी कहा कि गैस और ऊर्जा क्षेत्र में निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों के कारण कीमतों में वृद्धि हो रही है, जिससे छोटे और मध्यम उद्योगों पर भी असर पड़ रहा है और बेरोजगारी बढ़ रही है#
#ज्ञापन के माध्यम से पार्टी ने मांग की कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई हालिया बढ़ोतरी को वापस लिया जाए#
#पेट्रोल-डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू की जाए और गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए। इस अवसर पर जिला महासचिव अनिरुद्ध शुक्ला, महिला जिलाध्यक्ष दीपमाला मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रोशन मियां, जिला मीडिया प्रभारी राजेश त्रिवेदी और छात्र युवा सभा जिलाध्यक्ष मोहम्मद फिरोज सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे#

No comments