Breaking News

#हरदोई:- उत्तर प्रदेशीय- प्राथमिक शिक्षक संघ का सदस्यता अभियान शुरू, कोथावां से हुआ शुभारंभ#


#हरदोई:- उत्तर प्रदेशीय- प्राथमिक शिक्षक संघ का सदस्यता अभियान शुरू, कोथावां से हुआ शुभारंभ#

#हरदोई: शिक्षक हितों के लिए सतत संघर्षरत उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने जनपद में अपनी जड़ों को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से व्यापक सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। अभियान की औपचारिक शुरुआत संगठन के प्रांतीय संयुक्त महामंत्री एवं जिला अध्यक्ष आलोक मिश्रा ने विकास क्षेत्र कोथावां के प्राथमिक विद्यालय बाजपुर से की। अभियान के प्रथम चरण में प्राथमिक विद्यालय बाजपुर में कार्यरत शिक्षिका अमिता सिंह और प्रिया को संगठन की सदस्यता दिलाई गई। जिला अध्यक्ष आलोक मिश्रा ने दोनों शिक्षिकाओं को सदस्यता रसीद और पर्ची सौंपते हुए संघ में स्वागत किया। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए संगठन के प्रति अपनी निष्ठा जताई#

#इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए आलोक मिश्रा ने कहा कि शिक्षक समाज राष्ट्र का निर्माता है, लेकिन अपनी समस्याओं और न्यायोचित मांगों के लिए एक मंच पर एकजुट रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसके सदस्य होते हैं और सक्रिय सदस्यों के बिना संगठन अपने उद्देश्यों को प्राप्त नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान का उद्देश्य केवल संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि जनपद के प्रत्येक शिक्षक को यह विश्वास दिलाना है कि उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ हर कदम पर उनके साथ खड़ा है। उन्होंने सभी ब्लॉक पदाधिकारियों को विद्यालय-विद्यालय जाकर शत-प्रतिशत सदस्यता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए#

#कार्यक्रम में संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से महेंद्र प्रताप सिंह (जिला मंत्री), प्रभाशंकर (जिला कोषाध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्ष, कोथावां), आशीष दीक्षित (जिला संयुक्त मंत्री), विनोद सिंह (जिला संगठन मंत्री एवं ब्लॉक मंत्री, कोथावां) शामिल रहे#

#कोथावां में तेज होगा अभियान#

#ब्लॉक अध्यक्ष प्रभाशंकर और ब्लॉक मंत्री विनोद सिंह ने कहा कि विकास क्षेत्र कोथावां के प्रत्येक संकुल और विद्यालय में सदस्यता अभियान को युद्ध स्तर पर चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आलोक मिश्रा के नेतृत्व में कोथावां का प्रत्येक शिक्षक स्वयं को संगठन से जुड़ा महसूस कर रहा है#

#अन्य ब्लॉकों में भी चलेगा अभियान#

#आगामी दिनों में यह अभियान जनपद के अन्य विकास क्षेत्रों हरियावां, बावन, संडीला, बिलग्राम, माधौगंज और अहिरोरी आदि में भी तेज़ी से चलाया जाएगा। जिला मंत्री महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सदस्यता सूची पूर्ण होने के बाद संगठन की जिला स्तरीय बैठक में शिक्षक समस्याओं के समाधान हेतु विस्तृत मांग पत्र तैयार कर प्रशासन को सौंपा जाएगा। आज के इस कार्यक्रम ने जिले के शिक्षकों में नया उत्साह भर दिया है, जिससे आने वाले समय में संगठन के और अधिक सशक्त होने की संभावना जताई जा रही है#

No comments