Breaking News

#उत्तर प्रदेश:- यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण पूरे वर्ष मनाएगा रजत जयंती/ सीईओ#


#उत्तर प्रदेश:- यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण पूरे वर्ष मनाएगा रजत जयंती/ सीईओ#

#उत्तर प्रदेश: रजत जयंती वर्ष पच्चीसवां होता है या छब्बीसवां? इस प्रश्न की गहराई में जाए बगैर यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह के उस बयान पर ध्यान देना चाहिए जिसमें उन्होंने आज कहा कि यह पूरा वर्ष यीडा के रजत जयंती वर्ष के तौर पर मनाया जाएगा जिसके अंतर्गत एक दर्जन से अधिक देशी विदेशी औद्योगिक इकाइयों का शिलान्यास,संचालन, किसानों को आबादी भूखंडों पर कब्जा देकर तथा अन्य विकास योजनाओं को मूर्त रूप देकर मनाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि शीघ्र ही स्थापित होने वाली औद्योगिक इकाइयों में पच्चीस हजार करोड़ रुपए तक का निवेश तथा पंद्रह हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा#

#यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के पच्चीस वर्ष पूरे होने पर आज स्थापना दिवस पर आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने उपलब्धियां बताने के साथ निकट भविष्य में साकार होने वाली परियोजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि छः जनपदों में विस्तारित यह प्राधिकरण तेज गति से अपनी योजनाओं को आगे बढ़ा रहा है। यह एकमात्र प्राधिकरण है जो चहुंओर से हाइवे और एक्सप्रेस-वे से जुड़ा हुआ है। शीघ्र ही यमुना एक्सप्रेस-वे और ईस्टर्न वेस्टर्न पेरीफेरल से जुड़ जाएगा। गंगा एक्सप्रेस-वे से जोड़ने के लिए भूमि खरीदने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। मुंबई एक्सप्रेस-वे से जोड़ने के लिए ग्रीनफील्ड हाइवे का उत्तर प्रदेश में आने वाला हिस्सा बना दिया गया है। जीटी रोड से जोड़ने के लिए भी रोड़ तैयार किया जा रहा है जबकि ग्रेटर नोएडा की लाइफ लाइन मानी जाने वाली 130 मीटर रोड सीधे एयरपोर्ट से जोड़ी जाएगी। यही नहीं, दिल्ली से वाराणसी बुलेट ट्रेन की योजना आगे बढ़ रही है जो एयरपोर्ट से होकर जाएगी।इसी प्रकार एयरपोर्ट तक रैपिड रेल की डीपीआर स्वीकृत होकर केंद्र सरकार को भेजी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि अगले एक दो महीने में देश विदेश की एक दर्जन से अधिक बड़ी औद्योगिक इकाइयों का ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी होगा। श्री सिंह ने बताया कि क्षेत्र के किसानों ने प्राधिकरण की योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए अपनी जमीनें देकर महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया है। प्राधिकरण भी उनके मुआवजे, आबादी भूखंड, गांवों के विकास के कार्यों को प्राथमिकता पर पूरा कर रहा है।इसी प्रकार औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए आवासीय सुविधा विकसित करने तथा स्थानीय लोगों को कार्यकुशल बनाने के लिए टाटा के सीएसआर से कौशल विकास केन्द्र का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगरा, मथुरा, हाथरस आदि प्राधिकरण क्षेत्रों के विकास की पटकथा तैयार कर ली गई है। इस वर्ष में सभी योजनाओं को मूर्त रूप देने का हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। प्रेस वार्ता में तीनों अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश कुमार सिंह, शैलेन्द्र भाटिया व मनीष कुमार मीणा, विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र सिंह, महाप्रबंधक सिविल राजेन्द्र भाटी तथा वरिष्ठ स्टाफ ऑफिसर नंदकिशोर सुंदरियाल उपस्थित थे#

No comments