Breaking News

#हरदोई:- शिक्षकों ने अपनी जेब से लाखों खर्च कर सरकारी स्कूल को बना दिया 'हाई-टेक' कॉन्वेंट#


#हरदोई:- शिक्षकों ने अपनी जेब से लाखों खर्च कर सरकारी स्कूल को बना दिया 'हाई-टेक' कॉन्वेंट#

#हरदोई: जनपद के शिक्षा जगत में आज एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ा जब राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सुमई के नूतन एवं आधुनिक स्वरूप का भव्य शुभारंभ हुआ। विद्यालय के कायाकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत हुए इन अभूतपूर्व कार्यों का शुभारम्भ मुख्य अतिथि आदरणीय जिला विद्यालय निरीक्षक बाल मुकुंद प्रसाद द्वारा शिलापट्ट अनावरण के साथ किया गया#

#सरकारी तंत्र और व्यक्तिगत संकल्प का अनूठा संगम#

#यह कार्यक्रम केवल एक भवन का जीर्णोद्धार नहीं, बल्कि इस सोच का प्रमाण है कि यदि दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो संसाधनों की कमी कभी बाधा नहीं बनती। विद्यालय के शिक्षकों ने सेवाभाव की पराकाष्ठा को छूते हुए अपने निजी वेतन व साधनों से लगभग 4 लाख रुपये की निधि एकत्रित की। इस धनराशि का उपयोग विद्यालय के बुनियादी ढांचे को पूरी तरह बदलने के लिए किया गया, जिसमें दीवारों का रंग-रोगन, आकर्षक पीवीसी पैनलिंग, छत का सुदृढ़ीकरण और आधुनिक खिड़कियों का अनुरक्षण शामिल है#

#डिजिटल युग में 'एयर-कंडीशन्ड' शिक्षा की मिसाल#

#ग्रामीण क्षेत्र के निर्धन व मेधावी छात्रों के लिए यह किसी सपने से कम नहीं है कि अब वे पूर्णतः वातानुकूलित (AC) कक्षा-कक्षों में बैठकर शिक्षा ग्रहण करेंगे। शिक्षकों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी बच्चे के मन में यह मलाल न रहे कि वह किसी महंगे निजी स्कूल जैसी सुविधाओं में नहीं पढ़ सकता#

#किफायती शिक्षा, विश्वस्तरीय सुविधाएं#

#वर्तमान में जहाँ निजी विद्यालयों की फीस आसमान छू रही है, वहीं सुमई का यह राजकीय विद्यालय मात्र 475 रुपये वार्षिक की न्यूनतम सरकारी फीस पर वह सारी सुविधाएं प्रदान कर रहा है जो महानगरों के बड़े स्कूलों में मिलती हैं। यह मॉडल इस बात को सिद्ध करता है कि प्रशासन के कुशल मार्गदर्शन और शिक्षकों के समर्पण से सरकारी स्कूलों को 'मॉडल स्कूल' के रूप में स्थापित किया जा सकता है#

#मुख्य अतिथि का प्रेरक उद्बोधन#

#समारोह को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक बाल मुकुंद प्रसाद भावुक नजर आए। उन्होंने कहा आज सुमई विद्यालय ने पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक मानक तय किया है। शिक्षकों द्वारा अपनी गाढ़ी कमाई का बड़ा हिस्सा बच्चों के भविष्य पर निवेश करना यह दर्शाता है कि गुरु आज भी राष्ट्र निर्माण में सर्वोपरि हैं। जनपद प्रशासन को इस विद्यालय परिवार पर गर्व है। डॉ. अभय जैन (जिला समन्वयक, समग्र शिक्षा) ने अपने उद्बोधन में कहा कि"सुमई ने 'समग्र शिक्षा' के वास्तविक अर्थ को चरितार्थ किया है। यह विद्यालय अब केवल एक ईंट-गाारे की इमारत नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी का एक अंतरराष्ट्रीय मॉडल है#

#प्रमोद यादव प्रधानाचार्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज सिकरोहरी हरदोई में इस कार्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि शिक्षकों द्वारा अपनी जेब से लाखों खर्च करना यह दर्शाता है कि गुरु आज भी राष्ट्र निर्माण के लिए सर्वस्व न्योछावर करने को तैयार हैं। यह साहस वंदनीय है। सुधाकर बाजपेई (वरिष्ठ प्रवक्ता/पूर्व प्रभारी प्रधानाचार्य राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई ने अपने उद्बोधन में कहा कि मैंने अपने कार्यकाल में कई विद्यालय देखे, लेकिन जो जीवंतता और समर्पण सुमई के शिक्षकों ने दिखाया है, वह अद्वितीय है#

#रफी अहमद किदवई इंटर कॉलेज के वरिष्ठ सहायक अध्यापक राज किशोर राठौर ने अपने उद्बोधन में कहा कि"राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुमई के शिक्षकों ने जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह पूरे जनपद के लिए प्रेरणादायी है। सरकारी धन की प्रतीक्षा किए बिना अपने निजी संसाधनों से बच्चों के भविष्य को संवारने का यह जज्बा काबिले तारीफ है। यह विद्यालय अब न केवल शिक्षा, बल्कि सुविधाओं के मामले में भी एक मॉडल स्कूल बन चुका है#

#कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रणेता विनय मिश्रा ने भावुक स्वर में कहा हमारा सपना था कि जब गाँव का बच्चा स्कूल आए, तो उसे यह मलाल न रहे कि उसके पिता के पास पैसे नहीं हैं इसलिए वह सुविधाओं से वंचित है। यह AC और चकाचक दीवारें उन बच्चों के आत्मविश्वास की नींव हैं#

#तदोपरान्त विद्यालय के हाईस्कूल परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त मेधावियों को जिला विद्यालय निरीक्षक महोदय द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर पुरस्कृत किया गया एवं साथ ही कक्षा 10 के उत्कृष्ठ छात्र/छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम संयोजक विनय मिश्रा ने जिला प्रशासन के सहयोग और अभिभावकों के अटूट विश्वास के प्रति आभार प्रकट किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक राजीव बाजपेई, धर्मेंद्र कुमार , उमाकांत सहित विशेष सहयोगी संतोष गुप्ता, विनोद मौर्य, आशीष दीक्षित, हिमांशु, पुष्पेंद्र, राघवेंद्र सिंह, धर्मेंद्र कुमार सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, आदित्य दीक्षित, आदित्य बाजपेई सहित क्षेत्र के प्रधानप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और उत्साहित छात्र उपस्थित रहे#

No comments