#हरदोई:- अम्बेडकर पार्क की आरक्षित जमीन पर कंडे डालकर कब्जे का आरोप, टड़ियावां थाने में दी तहरीर; कार्यवाही की मांग#
#हरदोई:- अम्बेडकर पार्क की आरक्षित जमीन पर कंडे डालकर कब्जे का आरोप, टड़ियावां थाने में दी तहरीर; कार्यवाही की मांग#
#हरदोई: टड़ियावां थाना क्षेत्र के टेढ़वा पुरवा मजरा टेनी गांव में अम्बेडकर पार्क के लिए आरक्षित सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। ग्रामीण शिव कुमार पुत्र पुत्तू लाल ने टड़ियावां थाने में प्रार्थना पत्र देकर तीन लोगों पर जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। शिव कुमार ने तहरीर में बताया कि उनके मकान के किनारे स्थित सरकारी भूमि अम्बेडकर पार्क के लिए आरक्षित है। आरोप है कि गांव के ही श्री चंद्र पुत्र श्याम लाल, मन्नी पुत्र बेचे और प्रहलाद पुत्र मन्नी ने पहले कच्चे मकान की आड़ में जमीन पर अतिक्रमण किया। अब आरोपियों ने पूरी जमीन पर कंडे पाथकर घेर लिया है और जल्द ही पक्का मकान बनाने की तैयारी में हैं। पीड़ित का कहना है कि यह भूमि सार्वजनिक उपयोग और बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के नाम पर पार्क बनाने के लिए है। ग्रामीण लंबे समय से यहां पार्क की मांग कर रहे हैं। शिव कुमार ने कहा कि अवैध कब्जा होने से न सिर्फ सरकारी संपत्ति का नुकसान होगा, बल्कि गांव की भावनाएं भी आहत होंगी#
#शिव कुमार ने थाने में दिए प्रार्थना पत्र में मांग की है कि राजस्व टीम भेजकर मौके की पैमाइश कराई जाए। जांच में कब्जा मिलने पर तुरंत कंडे हटवाकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया जाए। टड़ियावां थाने में तहरीर दे दी गई है। गांव में इस मामले को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों ने जल्द कार्यवाही की मांग की है#

No comments