Breaking News

#हरदोई:- प्रताप नगर में गूंजा गौ-रक्षा का संकल्प, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा- “गौमाता को मिले राज्यमाता का सम्मान#


#हरदोई:- प्रताप नगर में गूंजा गौ-रक्षा का संकल्प, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा- “गौमाता को मिले राज्यमाता का सम्मान#

#हरदोई: जनपद के कोतवाली क्षेत्र बेनीगंज अंतर्गत प्रताप नगर चौराहा सोमवार को पूर्णतः भक्तिमय और धर्ममय वातावरण में परिवर्तित हो गया, जब जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज अपनी 81 दिवसीय “गविष्टि गो-रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा” के अंतर्गत यहां पहुंचे। शंकराचार्य जी के आगमन की सूचना मिलते ही सैकड़ों श्रद्धालु, सनातन प्रेमी एवं गौ-भक्त भारी संख्या में एकत्रित हो गए। ढोल-नगाड़ों, भक्ति गीतों, पुष्पवर्षा और जयघोषों के बीच स्थानीय लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया#

#पूरा प्रताप नगर “गौ माता की जय”, “सनातन धर्म अमर रहे” और “हर-हर महादेव” के उद्घोषों से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं से शंकराचार्य जी का अभिनंदन करते हुए उन्हें सनातन संस्कृति का ध्वजवाहक बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राकेश तिवारी एवं शैलेंद्र सिंह ने श्रद्धा भाव से शंकराचार्य जी को गौमाता की प्रतिमा भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया#

#अपने ओजस्वी एवं भावुक संबोधन में जगद्गुरु शंकराचार्य ने गौ-संरक्षण को राष्ट्र और धर्म की आत्मा बताते हुए कहा कि आज गौमाता की दुर्दशा किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि जिस गौमाता को सनातन धर्म में माता का दर्जा प्राप्त है, आज वही सड़कों पर भूखी-प्यासी भटकने को विवश है। उन्होंने कहा कि यदि भारत अपनी संस्कृति और आध्यात्मिक पहचान को बचाना चाहता है, तो गौमाता को केवल पशु मानने की भूल छोड़नी होगी#

#शंकराचार्य जी ने जोरदार स्वर में कहा कि सरकार को गौमाता को पशु सूची से हटाकर “राज्यमाता” का संवैधानिक दर्जा देना चाहिए। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से संकल्प दिलाया कि वे गौ-रक्षा, गौ-सेवा और भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए सदैव आगे रहेंगे। उनके उद्बोधन के दौरान कई श्रद्धालु भावुक होकर “जय गौ माता” के नारे लगाते दिखाई दिए#

#जनसभा के अंतिम चरण में शंकराचार्य जी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गौमाता का पूजन-अर्चन किया। स्नान, तिलक एवं पूजा उपरांत उन्होंने अपने हाथों से गौमाता को फल खिलाकर सनातन परंपरा का अनुपम संदेश दिया। इस दौरान उपस्थित मातृशक्ति एवं श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से आरती कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। संपूर्ण वातावरण घंटों तक भक्ति रस में डूबा दिखाई दिया#

#प्रेस वार्ता के दौरान शंकराचार्य ने गौशालाओं की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज सच्चाई दिखाना चाहता है, किंतु सत्ता और प्रशासनिक दबाव के कारण कई बार मजबूर हो जाता है। उन्होंने कहा कि यदि स्वतंत्र रूप से गौशालाओं की वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाई जाए, तो समाज स्वयं गौमाता की पीड़ा को समझ सकेगा। उनके इस वक्तव्य ने उपस्थित लोगों को सोचने पर विवश कर दिया#

#यात्रा के दौरान संतोष त्रिपाठी, विम्लेश त्रिपाठी, मिथलेश त्रिपाठी, अखिलेश त्रिपाठी, कौशल पांडे, ब्रह्मा शरण मिश्रा, विक्रम पांडे, सुभाष पाल, राम प्रकाश यादव, सतेंद्र सिंह, उमेश सिंह, अमित शुक्ला, छोटे तिवारी, पूर्व प्रधान राम प्रकाश यादव, अतुल तिवारी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। वहीं अनेक भाजपा कार्यकर्ता भी दूर से शंकराचार्य जी के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस करते नजर आए#

#सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत क्षेत्राधिकारी हरियावां लक्ष्मीकांत गौतम, प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र सहित भारी संख्या में पुलिस बल एवं इंटेलिजेंस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे#

No comments