#हरदोई:- पत्नी के गम से टूटे युवक का गोमती नदी किनारे मिला शव, दस दिन पहले नवजात को जन्म देते समय हुई थी पत्नी की मौत#
#हरदोई:- पत्नी के गम से टूटे युवक का गोमती नदी किनारे मिला शव, दस दिन पहले नवजात को जन्म देते समय हुई थी पत्नी की मौत#
#हरदोई: कोतवाली बेनीगंज क्षेत्र के चमारन टोला निवासी 26 वर्षीय अनूप कुमार पुत्र स्वर्गीय राम कुमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नैमिषारण्य स्थित गोमती नदी के किनारे पानी में उतराता मिला। घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं मृतक की साइकिल गोमती नदी पुल पर लावारिस अवस्था में पड़ी मिली, जिससे घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं#
#सूचना मिलने पर बेनीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हरदोई भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी#
#स्थानीय सभासद राजेश चौधरी ने बताया कि अनूप कुमार बेहद सरल, मेहनती और शांत स्वभाव का व्यक्ति था। वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार पर दुखों का पहाड़ उस समय टूट पड़ा जब लगभग दस दिन पूर्व उसकी पत्नी सीमा ने एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के दौरान ही उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना ने अनूप को भीतर तक झकझोर दिया था#
#परिजनों के अनुसार पत्नी की असामयिक मृत्यु के बाद अनूप गहरे सदमे में था। वह अक्सर नैमिषारण्य स्थित गोमती नदी के उस स्थान पर चला जाता था, जहां सीमा का अंतिम संस्कार किया गया था। परिवार के लोग कई बार उसे समझा-बुझाकर वापस घर ले आते थे, लेकिन वह पत्नी की यादों से उबर नहीं पा रहा था#
#अब अनूप का शव उसी गोमती नदी के किनारे मिलने से परिवार पर एक और दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दस दिन पहले जिस घर में नवजात बच्ची के जन्म की खुशी थी, उसी घर से पहले मां और अब पिता की विदाई ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। मासूम बच्ची के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ जाने की खबर सुनकर क्षेत्र के लोग भी भावुक हो उठे#
#फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूरे क्षेत्र में इस हृदयविदारक घटना को लेकर शोक का माहौल है तथा लोग दिवंगत आत्माओं की शांति और नवजात बच्ची के उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना कर रहे हैं#

No comments