#हरदोई:- खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच, DIOS की बैठक में तहसील स्तर से खिलाड़ियों को तराशने की रणनीति तय#
#हरदोई:- खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच, DIOS की बैठक में तहसील स्तर से खिलाड़ियों को तराशने की रणनीति तय#
#हरदोई: जनपद की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को राजकीय इंटर कॉलेज, हरदोई के सभागार में जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) डॉ. अरविन्द कुमार पाठक की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी खेल प्रतियोगिताओं की रूपरेखा, आयोजन व्यवस्था और खेल सुविधाओं के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई#
#बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. अरविन्द कुमार पाठक ने कहा कि आज के दौर में युवाओं का अधिक समय मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में बीत रहा है। ऐसे समय में खेल ही बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि जनपद के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है#
#प्रमुख निर्णय, इस वर्ष खेल प्रतियोगिताओं में तहसील स्तर पर अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी#
#विभिन्न विद्यालयों के बीच खेल प्रतियोगिताओं का आवंटन किया गया। जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026 के आयोजन की जिम्मेदारी बी.एन. इंटर कॉलेज, मल्लावां को सौंपी गई, प्रतियोगिता का आयोजन बी.जी.आर. इंटर कॉलेज, बिलग्राम के खेल मैदान में होगा#
#जिला क्रीड़ा सचिव राम दयाल ने सत्र 2025-26 की खेल गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि हरदोई के खिलाड़ियों ने मंडल, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। साथ ही पिछली प्रतियोगिताओं के आय-व्यय का विवरण भी बैठक में रखा गया#
#बैठक में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षकों ने भाग लेकर खेलों के विकास को लेकर अपने सुझाव दिए। अंत में सभी ने निष्पक्ष, अनुशासित और उत्साहपूर्ण वातावरण में प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन का संकल्प लिया#

No comments