#हरदोई:- गंगा- रामगंगा- गर्रा उफान पर, हरदोई में 60-70 गांव बाढ़ की चपेट में, स्कूल बंद#
#हरदोई:- गंगा- रामगंगा- गर्रा उफान पर, हरदोई में 60-70 गांव बाढ़ की चपेट में, स्कूल बंद#
#हरदोई: में बैराजों से छोड़े जा रहे पानी के चलते गंगा, रामगंगा और गर्रा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। कटरी और कटियारी इलाके में बाढ़ का पानी अब गांवों की आबादी तक पहुंच गया है। जिले में करीब 60 से 70 गांव बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं। कई जगह लोगों के घरों में पानी घुस गया है, जिसके चलते दैनिक कामकाज प्रभावित हो गया है। प्रभावित लोगों को राहत शिविरों में शिफ्ट किया गया है#
#बिलग्राम- क्षेत्र में राजघाट के छिबरामऊ समेत पूरा कटरी इलाका बाढ़ के पानी से घिर गया है। चुन्नी पुरवा गांव की आबादी में पानी घुस चुका है और प्रशासन ने 107 लोगों को तिलमई खेड़ा राहत शिविर में रखा है। नौखेपुरवा, मदारी पुरवा, सोनारी पुरवा, कटरी महादेवा और कटरी बिलुही समेत कई गांव पानी-पानी हो गए हैं। प्रभावित इलाकों में करीब 14 नावें लगाई गई हैं। बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में बिजली कटने से रोशनी और बैटरी चार्जिंग का संकट है। ग्रामीणों के सामने चूल्हा जलाने के लिए लकड़ी और ईंधन, मवेशियों के चारे तथा उनके रखरखाव की भी चुनौती है। स्कूलों में पानी भरने से शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई है। बिलग्राम क्षेत्र के करीब 45 गांवों की कृषि भूमि बाढ़ से प्रभावित है। मल्लावां के मगरहा, काल्हामऊ और माधोगंज के गौरा फत्तेपुर समेत कई गांवों में फसलों में पानी भर गया है#
#हरपालपुर क्षेत्र में बेड़ीजोर-दहेलिया मार्ग पर करीब छह जगह एक से दो फीट तक बाढ़ का पानी सड़क पर धार के रूप में बह रहा है। दहेलिया से चंद्रमपुर तक करीब आठ किलोमीटर सड़क बाढ़ से प्रभावित है। दहेलिया, मुरवा शहाबुद्दीनपुर, अदनियां, तिवारीपुरवा, छंगापुरवा और चंद्रमपुर समेत कई गांवों का संपर्क थाना अरवल और ब्लॉक हरपालपुर से कट गया है। अदनियां गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर दवाएं बांटीं#
#बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए प्रशासनिक टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रही हैं। बिलग्राम एसडीएम एन राम, तहसीलदार दीपक गौतम और अन्य अधिकारी प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर रहे हैं। एसडीएम के मुताबिक, 1,523 राहत किट आबादी के लोगों को वितरित की जा चुकी हैं। तिलमई खेड़ा राहत शिविर में 107 से अधिक ग्रामीणों को पका-पकाया भोजन दिया जा रहा है। शुक्रवार को सवायजपुर एसडीएम शिवानी सिंह ने बरौली बाढ़ चौकी और बिलग्राम एसडीएम एन राम ने तिलमई खेड़ा राहत शिविर पहुंचकर प्रभावितों को भोजन वितरित किया और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। इसके बाद अधिकारियों ने बाढ़ चौकियों और गांवों का निरीक्षण किया#
#नदियों के जलस्तर की बात करें तो राजघाट पर गंगा नदी का पानी खतरे के निशान 125.81 मीटर से ऊपर 125.99 मीटर गेज पर पहुंच गया है। फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर गंगा का जलस्तर 137.15 मीटर के खतरे के निशान पर तीसरे दिन बना हुआ है। नरौरा बैराज से गंगा में 86,985 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। वहीं शाहजहांपुर के हुल्लापुर घाट पर रामगंगा का जलस्तर 137.10 मीटर गेज पहुंच गया है। सांडी में गर्रा नदी का पानी चेतावनी बिंदु 129.15 मीटर से 1.33 मीटर ऊपर 130.48 मीटर पर पहुंच चुका है। गर्रा नदी में नानक सागर बैराज से 1,034 क्यूसेक और 4,329 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। हालांकि बैराजों से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा में कमी आने के बाद अगले दो दिनों में बाढ़ की स्थिति में सुधार की संभावना जताई जा रही है#

No comments