#नोएडा:- वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा द्वारा ईजाद थार कैसी कार है#
#नोएडा:- वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा द्वारा ईजाद थार कैसी कार है। जबसे वाहनों का आविष्कार हुआ है, उनकी संरचना उनके उपयोग करने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों के स्वभाव के अनुसार रही है। मसलन घूमने फिरने और युद्ध में उपयोग होने वाले रथों की संरचना अलग-अलग होती थी। कालांतर में मोटर गाड़ियों के आविष्कार ने सफर को आसान बनाने के साथ द्रुतगामी भी बना दिया। अंबेसेडर, इंपाला, कंटेसा, फिएट जैसी गाडियां सभ्य लोगों की गाड़ियां बनी रहीं। जीप और अंबेसेडर लंबे समय तक सरकारी तंत्र में कार्यरत लोगों द्वारा उपयोग की जाती रही। हालांकि धन प्रवाह बढ़ने पर इन गाड़ियों को ठेकेदारों और छुटभैये नेताओं ने भी उपयोग किया। टाटा की सूमो और महिंद्रा एंड महिंद्रा की स्कॉर्पियो कारों ने सबसे अधिक ऐसे लोगों को आकर्षित किया जो मसल्स पावर के प्रदर्शन के लिए एक अदद् मोटर गाड़ी का भी साथ चाहते थे। स्कॉर्पियो तो गुंडे और माफियाओं की गाड़ी के तौर पर पहचानी जाने वाली कार बन गई। बोलेरो भी इसी खंड की कार बनी परंतु सरकारी अधिकारियों द्वारा अधिक उपयोग में लेने के चलते उसपर गुंडे मवालियों की कार होने का ठप्पा लगते लगते रह गया। बजाज की पल्सर चोर उचक्कों की तो एस्कॉर्ट की राजदूत लेबर ठेकेदारों तथा कबाड़ियों की मोटरसाइकिल के तौर पर प्रसिद्ध हुईं। क्या थार समाज के बदतमीज लोगों की गाड़ी है? सड़कों को रौंदते हुए चलने, रोडरेज करने और स्टंट करते हुए रील बनाने के लिए कौन सी कार वर्तमान में प्रचलित है? नोएडा के सेक्टर 18 स्थित सात मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग की छत पर चढ़कर रील बनाने का दुस्साहस किस गाड़ी के साथ किया जा सकता है?इन प्रश्नों का एक ही उत्तर है, थार। लगभग बीस लाख रुपए कीमत की गाड़ी का यह उपयोग है या दुरुपयोग? जदयू के महासचिव और राज्यसभा सदस्य रहे के सी त्यागी ने एक बार निजी बातचीत में मुझसे कहा था कि यदि कोई पचास के नोट से विष खरीदकर खा ले तो इसमें पचास के नोट का क्या अपराध। हालांकि पूर्व में प्रचलित पांच सौ और एक हजार के नोटों का सरकारी कार्यालयों में बाबुओं को रिश्वत देने में अधिकाधिक चलन से गांधी जी बुरी तरह बदनाम हो गये थे।धन से कोई भी बिकने वाली वस्तु खरीदी जा सकती है। यह उस वस्तु के उपयोग कर्ता पर निर्भर करता है कि वह उसका उपयोग करे या दुरुपयोग। थार एक ऐसी ही कार है जो अपनी समकक्ष कारों में सर्वश्रेष्ठ है परंतु उसके उपयोगकर्ताओं ने उसे उन्माद और अपराध के बाजार में खड़ा कर दिया हैं#

No comments