Breaking News

विधानसभा सत्र में उठाएं ब्राह्मण उत्पीड़न मुद्दा - जितिन प्रसाद

विधानसभा सत्र में उठाएं ब्राह्मण उत्पीड़न मुद्दा - जितिन प्रसाद

उत्तर प्रदेश में 20 अगस्त से शुरू हो रहे विधान मंडल के मॉनसून सत्र में कांग्रेस ब्राह्मण का मुद्दा जोरदारी से उठाना चाहती है। एक और दांव चलते हुए कांग्रेस के ब्राह्मण सियासत के झंडाबरदार पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद ने सभी विधायकों को पत्र लिखकर विधानसभा में यह मुद्दा उठाकर सरकार से सवाल पूछने का अनुरोध किया है। कांग्रेस विधायकों की संख्या सदन में बहुत कम है। ऐसे में जितिन ने प्रदेश के सभी विधायकों को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि दलगत भावना से ऊपर उठकर उत्तर प्रदेश विधानसभा के सत्र में अपने-अपने क्षेत्र की ब्राह्मण उत्पीड़न की घटनाओं को सरकार के सामने रखें।बता दें कि इससे पहले भी पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता जितिन प्रसाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भगवान परशुराम की जयंती पर होने वाले अवकाश को बहाल करने का अनुरोध किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर कहा था कि भगवान परशुराम विष्णु भगवान के छठे अवतार हैं, जिस कारण वह ब्राह्मण समाज की आस्था का प्रतीक हैं। परशुराम जी जन्म बैसाख माह की तृतीया तिथि के दिन हुआ था। अब तक भगवान परशुराम की जयंती पर प्रति वर्ष राजकीय अवकाश होता रहा है परन्तु वर्तमान में आपकी सरकार ने इसे निरस्त कर दिया है, जिससे ब्राह्मण समाज में आक्रोश है।लंबे समय से कांग्रेस से छिटके ब्राह्मण वोट को वापस लाने का बीड़ा पूर्व मंत्री जितिन प्रसाद ने अपने हाथ लिया है। सामाजिक संस्था ब्रह्म चेतना परिषद के बैनर तले वह पिछले कुछ महीनों से सोशल मीडिया पर ब्राह्मणों का मुद्दा गर्माए हुए हैं। लगातार अलग-अलग जिलों के लोगों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर रहे हैं। कानपुर के हत्यारे-बदमाश विकास दुबे और उसके साथियों के एनकाउंटर के बाद से कांग्रेस ही नहीं, दूसरे गैर भाजपाई दलों ने भी ब्राह्मण उत्पीड़न पर सिर धुनना शुरू कर दिया है।इसके बाद सपा और बसपा ने भगवान परशुराम की प्रतिमा लखनऊ में लगवाने की घोषणा भी इसी कोशिश में की। इसी कड़ी में अब पूर्व मंत्री जितिन प्रसाद ने प्रदेश के सभी विधायकों को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि दलगत भावना से ऊपर उठकर गुरुवार से शुरू हो रहे विधानसभा के सत्र में अपने-अपने क्षेत्र की ब्राह्मण उत्पीड़न, अत्याचार और अन्याय की घटनाओं को सरकार के सामने उठाएं। यह भी कहा है कि पूरा समाज आपका आभारी रहेगा। इसके पीछे जितिन प्रसाद की सोच हो सकती है कि जब सभी दल ब्राह्मणों का मुद्दा उठाने में जुट गए हैं तो अन्य विपक्षी विधायक भी कांग्रेस के सुर में सुर जरूर मिलाएंगे।

डीपी सिंह चौहान संपादक खोज जारी है न्यूज चैनल की खास रिपोर्ट...

No comments