Breaking News

#हरदोई:- शाहाबाद- स्वच्छता ही सेवा-2025 अभियान के अंतर्गत "सफाई मित्र सुरक्षा शिविर" आयोजित#


#हरदोई:- शाहाबाद- स्वच्छता ही सेवा-2025 अभियान के अंतर्गत "सफाई मित्र सुरक्षा शिविर" आयोजित#

#हरदोई: शाहाबाद- नगर पालिका परिषद की पालिकाध्यक्ष नसरीन बानो एवं अधिशाषी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद शाहाबाद द्वारा शुक्रवार को स्वच्छता ही सेवा-2025 अभियान के अंतर्गत "सफाई मित्र सुरक्षा शिविर" का आयोजन नगर पालिका में किया गया। इस शिविर का उद्देश्य सफाई कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करना है#

#इस अवसर पर अधिशाषी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर ने स्वच्छता अभियान के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की भलाई के लिए आवश्यक है। उन्होंने सभी को स्वच्छता बनाए रखने और एक स्वस्थ समाज की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। स्वच्छोत्सव के तहत "सफाई मित्र सुरक्षा शिविर" में सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ सुरक्षा हेतु स्वास्थ्य कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं। इसके साथ ही, सफाई किट का वितरण भी किया गया#

#शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ सभासद लक्ष्मी कांत त्रिपाठी द्वारा किया गया | श्री त्रिपाठी ने इस अवसर पर कहा कि हम सभी जानते हैं कि स्वच्छता हमारे जीवन का एक अभिन्न हिस्सा है। इस अवसर पर संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समाज को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने में आप सभी स्वच्छता मित्रों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। आप सभी की कड़ी मेहनत और समर्पण के बिना हम अपने आस-पास की स्वच्छता की कल्पना भी नहीं कर सकते#

#उन्होंने आगे कहा कि, “आज का यह स्वास्थ्य शिविर, जो विशेष रूप से आप और आपके परिवारों के लिए आयोजित किया गया है, इसी दिशा में एक छोटा-सा प्रयास है। आपका स्वास्थ्य, आपकी सुरक्षा और आपके परिवारों की खुशहाली हमारी प्राथमिकता है। इस शिविर में चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ आपकी और आपके परिवारों की सेहत की देखभाल हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ श्याम जी गुप्ता द्वारा परामर्श और उपचार की व्यवस्था भी की गई है”। शिविर में स्वच्छता मित्रों द्वारा सामान्य स्वास्थ्य जांच का लाभ प्राप्त किया गया#

#इस अवसर पर इकबाल, वहीद खां, फ़जील खां तथा अनेक स्वच्छता मित्र उपस्थित थे#

#यहां उल्लेखनीय है कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों की योजना बनाई गई है, जिसमें स्कूलों, कॉलेजों और स्थानीय संगठनों के साथ मिलकर स्वच्छता अभियान चलाना शामिल है। नगर पालिका परिषद  द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सभी को एक स्वस्थ और स्वच्छ समाज की दिशा में प्रेरित करना है#

______________________________

#हरदोई:- बाल रामलीला की निकली भव्य शिव बारात, उमड़ पड़ा भक्तों का सैलाब#

#हरदोई: 53 वें वर्ष प्रवेश कर चुकी नगर की सुप्रसिद्ध श्री बाल रामलीला नाट्य कला मंदिर चौक, शाहाबाद द्वारा आयोजित भव्य शिव बारात शोभायात्रा ने गुरुवार की रात नगर को भक्ति और उत्साह के रंग में रंग दिया। ढोल-नगाड़ों की थाप और बैंड बाजे की सुरीली धुन के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह मनमोहक शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। इस अलौकिक दृश्य की एक झलक पाने के लिए देर रात तक सड़कों और अट्टालिकाओं पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। शोभायात्रा में शामिल भगवान की भक्ति ‌में पागलों का नृत्य विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया#

#शिव बारात शोभायात्रा का भव्य शुभारंभ नगरपालिका के निकट से हुआ, जहाँ मेला संरक्षक डॉ० मुरारी‌ लाल गुप्ता, एड० अतुल गुप्ता व कमेटी के पदाधिकारियों ने श्रद्धापूर्वक देवी देवताओं का पूजन अर्चन किया और यात्रा को आगे बढ़ने की अनुमति दी। गाजे-बाजे और भक्तिपूर्ण जयकारों के साथ शिव जी की बारात स्टेट बैंक, घासमंडी तिराहा होते हुए मेला अध्यक्ष के आवास के पास स्थित गुलाब बैंड चौराहा पहुंची। यहाँ संरक्षक मंडल के नलिन गुप्ता (डब्लू), राजेश चौधरी, सुमत अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने अपनी पूरी टीम के साथ शोभायात्रा में शामिल झांकियों का जोरदार स्वागत किया। फूलों की वर्षा कर और जलपान की व्यवस्था कर उन्होंने सभी का अभिनंदन किया। इसके बाद शोभायात्रा राष्ट्रपिता इंटर कॉलेज होते हुए अपने पूर्व-निर्धारित मार्ग, सदर बाजार, घंटाघर, चौक, बैंक ऑफ इंडिया, डाकघर से होते हुए कटरा, सरदारगंज पहुंची जहाँ पर इसका मंगलमय समापन हुआ#

#इस भव्य शोभायात्रा में दर्जनों मनमोहक झांकियां शामिल थीं, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया। भगवान शिव स्वयं नंदी बैल पर सवार होकर अपनी बारात का नेतृत्व कर रहे थे। वहीं रथ पर सूर्यदेव, ऐरावत हाथी पर इंद्रदेव, हिरन पर चंद्रदेव, कौए पर शनिदेव, महिष (भैंसे) पर यमराज, और कमल पर ब्रह्मा जी व विष्णु जी जैसे देवी-देवता अपने-अपने वाहनों पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दे रहे थे। इन सभी के साथ बारात में शामिल भगवान शिव के गणों की टोली का अद्भुत नृत्य आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। उनका अनोखा और मनमोहक प्रदर्शन देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध रह गया#

#शिव बारात शोभायात्रा का नगर में जगह-जगह जोरदार और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। इस अलौकिक दृश्य को देखने के लिए महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों की भारी भीड़ देर रात तक सड़कों पर जमी रही। सभी के चेहरे पर भक्ति और उमंग का भाव स्पष्ट दिखाई दे रहा था। इस पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मेला कमेटी के महामंत्री वासू वर्मा, राजीव गुप्ता, सत्यवीर शुक्ला, अनुज मिश्रा, देवेन्द्र गुप्ता, देवेश अवस्थी, अम्बरीश द्विवेदी, रामचन्द्र गुप्ता (गुड्डू), विशाल गुप्ता, रमेश सैनी, प्रांजुल गुप्ता, राहुल श्रीवास्तव, कुशल, मंगल, पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को बखूबी निभाते हुए व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग कर रहे थे, जबकि कोतवाली पुलिस भी महिला व पुरुष पुलिस बल के साथ पूरी तरह मुस्तैद रहकर सुरक्षा व्यवस्था संभाले हुए थी#

No comments