Breaking News

#हरदोई:- यातायात माह की हकीकत: नो एंट्री में भी भारी वाहनों की एंट्री#


#हरदोई:- यातायात माह की हकीकत: नो एंट्री में भी भारी वाहनों की एंट्री#

#हरदोई: शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर सुबह 09 बजे से रात 09 बजे तक 12 घंटे का प्रतिबन्ध है, जिसे पुलिस नें नो-एंट्री का नाम दिया है, पर बावजूद इसके दिन भर शहर में भारी व ओवरलोड वाहनों का आवागमन हो रहा है। इस कारण शहर में जाम और हादसे की स्थिति बनी रहती है। हैरानी वाली बात तो ये है कि ये भारी भरकम वाहन कोई चोरी छुपे नहीं बल्कि पुलिसकर्मियों के सामने से गुजरते हैं पर इनके प्रवेश को अनदेखा कर देना यातायात पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर रहा है#

#चूंकि नवंबर माह यातायात का विशेष माह निर्धारित किया गया है इसलिए द टेलीकास्ट नें नवंबर माह में शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों से ये तस्वीरें अपने कैमरे में कैद की हैं, जिसमें आप साफ-तौर पर देख सकते हैं कि किस तरहँ भारी भरकम प्रतिबंधित वाहन नो एंट्री क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं#

#पहली तस्वीर शहर के लखनऊ चुंगी की है, जहाँ पुलिसकर्मियों के सामने ही यातायात नियमों को रौँदते हुए 14 चक्का ट्रक गुजर रहा है, जबकि दूसरी तस्वीर फल मंडी गेट के ठीक सामने की है, जिसमें आप ओवरलोड ट्रक को नो एंट्री एरिया में फर्राटा भरते देख सकते हैं। यहाँ एक धर्मकांटे की वजह से भी दिन भर ट्रकों का आवागमन रहता है। तीसरी तस्वीर शहर के जिंदपीर चौराहे की है, जहाँ नो एंट्री के समय एक ट्रक की वजह से घंटों जाम लगा रहा है#

#जबकि चौथी तस्वीर एक अन्य दिन की लखनऊ चुंगी की है, जहाँ डीसीएम की वजह से नो एंट्री क्षेत्र में जाम की नौबत बनी रही। हालांकि चौराहे पर ड्यूटी करने वाले यातायात पुलिस व होमगार्ड के जवान बड़ी ही शिद्दत के साथ दिन भर जाम खुलवाने का प्रयास करते रहते हैं, किंतु भारी वाहनों का नो एंट्री में आवागमन उनकी भी समझ से परे है। सूत्रों की मानें तो वर्तमान में जिले की पुलिस व्यवस्था शिथिल है, जिस कारण हर तरीके की सेटिंग संभव है, तो इसका फायदा ट्रांसपोर्ट के मालिक भी उठा रहे हैं#

No comments