#हरदोई:- पुस्तकालय भ्रमण से जागी ज्ञान की अलख, विद्यार्थियों ने पढ़ने की संस्कृति को दिया नया संकल्प#
#हरदोई:- पुस्तकालय भ्रमण से जागी ज्ञान की अलख, विद्यार्थियों ने पढ़ने की संस्कृति को दिया नया संकल्प#
#हरदोई: डिजिटल दौर में जहां युवा पीढ़ी मोबाइल स्क्रीन तक सीमित होती जा रही है, वहीं हरदोई के राजकीय जिला पुस्तकालय में सोमवार को एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई के छात्र-छात्राओं के एक बड़े समूह ने पुस्तकालय का शैक्षिक एवं ज्ञानवर्धक भ्रमण किया, जहां पुस्तकों की दुनिया से उनका सजीव परिचय कराया गया। यह भ्रमण केवल औपचारिक यात्रा नहीं था, बल्कि विद्यार्थियों की बौद्धिक उन्नति, रचनात्मक सोच और संवाद कौशल को निखारने की दिशा में एक सार्थक प्रयास साबित हुआ#
#पुस्तकालय की अलमारियों में सजे साहित्य, ऐतिहासिक ग्रंथों, समसामयिक पुस्तकों और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी सामग्री ने विद्यार्थियों को खासा आकर्षित किया। शांत और अध्ययनशील वातावरण में छात्रों ने पुस्तकों के महत्व को महसूस किया और एकाग्रता के साथ अध्ययन का अनुभव प्राप्त किया। इस अवसर पर राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्याम नारायण यादव, वरिष्ठ शिक्षिका शालू सिंह, अंजली सिंह तथा माधव मिश्रा ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए पुस्तकों के चयन और उनके प्रभावी उपयोग की जानकारी दी#
#कार्यक्रम के दौरान पुस्तकालयाध्यक्ष विनय मिश्रा ने कहा कि तकनीक के इस युग में भी वास्तविक ज्ञान का सबसे विश्वसनीय स्रोत पुस्तकें ही हैं। यदि युवा पीढ़ी फिर से पुस्तकों की ओर लौटे, तो न केवल उनका भविष्य उज्ज्वल होगा बल्कि समाज भी ज्ञान और संस्कारों से समृद्ध बनेगा। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि किताबें केवल परीक्षा पास करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन की दिशा और दशा बदलने की शक्ति रखती हैं#

No comments