#हरदोई:- बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज, डीएम ने दिए सख्त निर्देश#
#हरदोई: जनपद में संभावित बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तहत गठित बाढ़ स्टीयरिंग ग्रुप की बैठक आज जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने ऑनलाइन जुड़े उप जिलाधिकारियों (बिलग्राम, सवायजपुर, शाहाबाद) को निर्देश दिए कि समय से बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएं और नाव, नाविक व गोताखोरों को चिन्हित कर उनके मोबाइल नंबर सहित सूची तैयार की जाए। साथ ही बाढ़ चौकियों का निरीक्षण कर बाढ़ पीड़ितों व उनके पशुओं के लिए आश्रय स्थलों को चिन्हित करने के निर्देश दिए#
#डीएम ने वन विभाग को नदियों के किनारे ऐसे वृक्ष लगाने को कहा जो कटान रोकने में सहायक हों। स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ प्रभावित गांवों में मेडिकल टीम तैनात करने के निर्देश दिए गए। पूर्ति विभाग को खाद्यान्न, डीजल और मिट्टी तेल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। पीडब्ल्यूडी को पूर्व में बाढ़ से क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत शीघ्र कराने, जबकि बेसिक शिक्षा विभाग को संभावित प्रभावित विद्यालयों को चिन्हित कर वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को बाढ़ चौकियों और आश्रय स्थलों पर बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्देशित किया गया#
#जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में प्रभावित गांवों में भोजन बनवाकर प्रधानों के माध्यम से वितरण कराया जाएगा। साथ ही सभी विभागों को बाढ़ पूर्व अपनी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रियंका सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, अधिशासी अधिकारी शारदा नहर, सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे#

No comments