#हरदोई:- बिना हेलमेट फर्राटा भर रहे युवा पुलिसकर्मी, आमजन में आक्रोश- आखिर यातायात नियमों का पालन कौन कराएगा#
#हरदोई:- बिना हेलमेट फर्राटा भर रहे युवा पुलिसकर्मी, आमजन में आक्रोश- आखिर यातायात नियमों का पालन कौन कराएगा#
#हरदोई: में कानून व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले युवा पुलिसकर्मी इन दिनों स्वयं ही यातायात नियमों की अनदेखी करते नजर आ रहे हैं। थाना क्षेत्रों के विभिन्न हल्कों में तैनात कई पुलिसकर्मी सड़कों से लेकर संकरी गलियों तक बिना हेलमेट मोटरसाइकिल दौड़ाते दिखाई दे रहे हैं। ऐसे में आम जनमानस के मन में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर चिंता के साथ-साथ यातायात नियमों के पालन को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं#
#स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर पुलिस विभाग आम नागरिकों को यातायात नियमों का पालन कराने के लिए सख्ती बरतता है और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के चालान काटे जाते हैं, वहीं दूसरी ओर कई पुलिसकर्मी स्वयं बिना हेलमेट सड़क पर फर्राटा भरते नजर आते हैं। इससे लोगों में नाराजगी और रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि जब नियम लागू कराने वाले ही नियमों की अनदेखी करेंगे तो आम जनता में कानून के प्रति सम्मान और जागरूकता कैसे बढ़ेगी#
#क्षेत्र के सामाजिक एवं जागरूक नागरिकों का मानना है कि हेलमेट केवल चालान से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा का महत्वपूर्ण उपकरण है। आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर चोटों और मौत के मामलों के बावजूद जिम्मेदार विभाग के कर्मियों द्वारा लापरवाही बरतना चिंता का विषय बनता जा रहा है। लोगों ने कहा कि पुलिसकर्मियों की ड्यूटी अक्सर आपातकालीन परिस्थितियों और तेज रफ्तार आवागमन से जुड़ी होती है, ऐसे में उनके लिए हेलमेट पहनना और भी आवश्यक हो जाता है#
#जानकारों के अनुसार पूर्व में हरदोई के पुलिस अधीक्षक रहे नीरज जादौन द्वारा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया था। उस दौरान आम नागरिकों के साथ-साथ पुलिसकर्मियों पर भी समान रूप से कार्रवाई की जाती थी। परिणामस्वरूप यातायात नियमों के पालन में सुधार देखने को मिला था। किंतु वर्तमान समय में स्थितियां बदलती नजर आ रही हैं और नियमों के अनुपालन में शिथिलता दिखाई दे रही है#
#आमजन ने पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस विभाग के भीतर भी विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाने के सख्त निर्देश दिए जाएं, ताकि जनता के बीच एक सकारात्मक संदेश जाए और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता मजबूत हो सके#
#लोगों का कहना है कि यदि पुलिसकर्मी स्वयं नियमों का पालन करेंगे तो समाज में भी उसका व्यापक प्रभाव पड़ेगा और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकेगी। अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर मुद्दे को कितनी प्राथमिकता देता है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं#

No comments