#हरदोई:- उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की मासिक कार्यकारिणी बैठक संपन्न, शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर हुई चर्चा#
#हरदोई:- उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की मासिक कार्यकारिणी बैठक संपन्न, शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर हुई चर्चा#
#हरदोई: उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की मासिक कार्यकारिणी बैठक सोमवार को कोथावां स्थित ओ.पी. मिश्रा लॉन में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों और शिक्षकों की लंबित समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग उठाई#
#बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष प्रभा शंकर ने की, जबकि मंच संचालन ब्लॉक मंत्री विनोद कुमार सिंह ने किया। एजेंडे के अनुसार आयोजित बैठक में शिक्षकों के हितों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया तथा संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया#
#बैठक को संबोधित करते हुए कोषाध्यक्ष अरविंद प्रताप सिंह ने चयन वेतनमान से संबंधित लंबित प्रकरणों तथा एक दिन के वेतन की कटौती के मामलों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाना आवश्यक है, जिससे शिक्षकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े#
#वरिष्ठ उपाध्यक्ष विवेक कुमार वर्मा ने शिक्षकों के अवशेष एरियर के भुगतान का मुद्दा उठाते हुए इस दिशा में प्रभावी पहल करने की आवश्यकता बताई। वहीं उपाध्यक्ष राकेश कामले ने मिड-डे मील (एमडीएम) खातों के संचालन से संबंधित व्यावहारिक समस्याओं पर प्रकाश डाला और उनके समाधान के लिए विभागीय स्तर पर कार्रवाई की मांग की#
#उपाध्यक्ष राहुल कुमार ने शिक्षकों के आयकर संबंधी दस्तावेज फॉर्म-16 में आ रही विसंगतियों को तत्काल दूर कराने की आवश्यकता जताई। ऑडिटर योगेश वर्मा ने भी शिक्षकों की अन्य प्रशासनिक एवं वित्तीय समस्याओं को संगठन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान कराने का आश्वासन दिया#
#बैठक में वक्ताओं ने कहा कि संगठन सदैव शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा सभी लंबित समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक स्तर पर लगातार प्रयास किए जाएंगे। साथ ही संगठन को मजबूत बनाने और शिक्षकों की एकजुटता बनाए रखने का आह्वान भी किया गया#
#बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष प्रभा शंकर, ब्लॉक मंत्री विनोद कुमार सिंह, विवेक कुमार वर्मा, अरविंद प्रताप सिंह, राहुल कुमार, राकेश कामले, योगेश वर्मा, ब्रजेश कुमारी, राघवेंद्र दीक्षित, अनिल, राजीव, केशव, अरिमर्दन, रमेश सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे#

No comments