Breaking News

#हरदोई:- भीषण गर्मी में प्यासी ग्राम पंचायत: जल जीवन मिशन पर उठे सवाल, दो दिनों से बूंद-बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीण#


#हरदोई:- भीषण गर्मी में प्यासी ग्राम पंचायत: जल जीवन मिशन पर उठे सवाल, दो दिनों से बूंद-बूंद पानी को तरस रहे ग्रामीण#

#हरदोई: केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है, लेकिन विकासखंड कोथावां की ग्राम पंचायत पुरवा बाजीराव में हालात इसके विपरीत दिखाई दे रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच ग्राम पंचायत के लोग पिछले दो दिनों से बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। पेयजल आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है#

#ग्रामीणों के अनुसार जलापूर्ति बंद होने से दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। लोगों को पीने, खाना बनाने और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए दूर-दूर से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है। सबसे अधिक परेशानी बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों को उठानी पड़ रही है#

#निबहा गांव निवासी चौकीदार राम स्वरूप ने बताया कि कई दिनों से पानी की टंकी पर कोई भी जिम्मेदार कर्मचारी नहीं आया है। उनका कहना है कि पानी की सप्लाई चालू कराने के संबंध में भी कोई स्पष्ट निर्देश नहीं दिए गए हैं। वहीं टंकी परिसर में रखे गए उपस्थिति (एंट्री) रजिस्टर में कर्मचारियों की उपस्थिति भी बेहद कम दर्ज मिली, जिससे निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं#

#सूत्रों का दावा है कि पानी की टंकी के संचालन को लेकर आवश्यक आदेश ही जारी नहीं किए गए हैं। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि कहीं न कहीं व्यवस्था में गंभीर कमी है, जिसे जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा छिपाने का प्रयास किया जा रहा है। इसका खामियाजा पूरी ग्राम पंचायत की जनता को भीषण गर्मी में भुगतना पड़ रहा है#

#उधर, इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अन्य ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल संज्ञान लेकर पेयजल आपूर्ति बहाल कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। बताते चलें कि जल केवल एक प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार है। मानव जीवन, पशु-पक्षियों, खेती और पर्यावरण—सभी का अस्तित्व जल पर निर्भर है। भीषण गर्मी के मौसम में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता और भी अधिक आवश्यक हो जाती है। ऐसे समय में यदि पेयजल आपूर्ति बाधित हो जाए तो यह केवल एक सुविधा का अभाव नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य और जनजीवन से जुड़ा गंभीर विषय बन जाता है#

#अब देखना यह होगा कि संबंधित विभाग इस वायरल मामले का संज्ञान लेकर कब तक जलापूर्ति बहाल करता है और ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं#

No comments