Breaking News

#हरदोई:- टड़ियावां- धान रोपकर किया विरोध, वर्षों से जर्जर सड़क पर ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन#


#हरदोई:- टड़ियावां- धान रोपकर किया विरोध, वर्षों से जर्जर सड़क पर ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन#

#हरदोई: टड़ियावां- ग्राम पंचायत सिकरोहरी अंतर्गत ग्राम सिकरहना में वर्षों से बदहाल और जलभराव से जर्जर सड़क के विरोध में ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह अनोखा प्रदर्शन किया। आक्रोशित ग्रामवासियों और विद्यार्थियों ने सड़क पर भरे दलदल में धान की रोपाई कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।ग्रामीणों ने बताया कि यह गांव की मुख्य सड़क है, जिससे प्रतिदिन पंडित दीनदयाल राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज तथा प्राथमिक विद्यालय, सिकरहना के सैकड़ों विद्यार्थी गुजरते हैं। लेकिन सड़क पर लगातार जलभराव और कीचड़ के कारण बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई छात्र-छात्राएं फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उन्हें वापस घर लौटना पड़ता है और उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।सिर्फ विद्यार्थी ही नहीं, बल्कि ग्रामीण, मजदूर और राहगीर भी इस समस्या से रोज जूझ रहे हैं। सड़क पर जमा गंदा पानी और दलदल से उठने वाली दुर्गंध ने आसपास का वातावरण दूषित कर दिया है। साथ ही जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मुख्य मार्ग का शीघ्र निर्माण कराया जाए और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को स्थायी राहत मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक माह के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे हरदोई-सीतापुर मुख्य मार्ग सिकरोहरी पर चक्का जाम कर उग्र प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान प्रदर्शन में पंकज राठौर, अरविंद गौतम, शिवराज गुप्ता, तोताराम सक्सेना, हीरालाल, रामदयाल, सर्वेश, उपेंद्र, बालक राम, नवनीश राठौर, मेवाराम पाल, राजवीर, बसंत गौतम, प्रेम कुमार, दुर्गेश पांडेय, चन्द्रपाल राठौर, रामेन्द्र राठौर, ब्रह्मानंद, राजेश सहित कई ग्रामीण और विद्यार्थी मौजूद रहे#

No comments