Breaking News

#हरदोई:- कच्ची दीवार गिरने से 72 वर्षीय किसान की मौत पश्चात हादसे के दूसरे दिन विधायक रामपाल वर्मा पहुंचे मृतक के घर, परिजनों को दी सांत्वना; चार लाख रुपये सहायता राशि जल्द दिलाने का आश्वासन#


#हरदोई:- कच्ची दीवार गिरने से 72 वर्षीय किसान की मौत पश्चात हादसे के दूसरे दिन विधायक रामपाल वर्मा पहुंचे मृतक के घर, परिजनों को दी सांत्वना; चार लाख रुपये सहायता राशि जल्द दिलाने का आश्वासन#

#हरदोई: लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिपरी में मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक हादसे में कच्ची दीवार के मलबे में दबकर 72 वर्षीय किसान हरिपाल पुत्र शंकर की मौत हो गई। हादसे के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बुधवार को हादसे के दूसरे दिन क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया#

#बताया गया कि मंगलवार देर रात करीब दो बजे हरिपाल अपने घर के निकट स्थित हाते में सो रहे थे। इसी दौरान लगातार हो रही बारिश के कारण कमजोर हुई कच्ची दीवार अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो हरिपाल मलबे में दबे मिले। आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस टीम की मौजूदगी में मलबा हटाकर वृद्ध किसान को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी#

#घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक तौर पर लगातार बारिश के कारण कच्ची दीवार कमजोर होने को हादसे की वजह माना जा रहा है#

#बुधवार को क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा मृतक हरिपाल के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। विधायक ने कहा कि तहसील स्तर के संबंधित अधिकारियों से उनकी वार्ता हो चुकी है और शासन की ओर से मिलने वाली चार लाख रुपये की सहायता राशि जल्द से जल्द परिवार को उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी#

#विधायक ने मृतक के परिवार की अन्य परिस्थितियों की भी जानकारी ली। इसी दौरान उन्हें मृतक के चौथे पुत्र मधुरेश के कैंसर से पीड़ित होने की जानकारी हुई। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए विधायक ने विधायक निधि से हरसंभव मदद दिलाने की बात कही और मौके पर कुछ नगद राशि देकर परिवार का सहयोग भी किया#

#विधायक ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में प्रशासनिक स्तर पर जो भी सहायता संभव होगी, उसे दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता की जाएगी#

#हरिपाल की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वृद्ध किसान की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की#

#मौके पर ग्राम पंचायत प्रधान पति महेंद्र वर्मा, बेनीगंज मंडल अध्यक्ष रोहित वैश्य सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया#

#लगातार बारिश के बीच हुए इस हादसे ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर और कच्चे मकानों तथा दीवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में कमजोर कच्ची दीवारें हादसे का कारण बन सकती हैं, इसलिए ऐसे भवनों का समय रहते निरीक्षण और आवश्यक सुरक्षा उपाय कराया जाना जरूरी है#

No comments