हरदोई।जनपद में चल रहा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान
👉 जनपद में चल रहा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान
हरदोई। खोज जारी है [ संवाददाता नरेंद्र कुमार ] जिले में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक से 31 जुलाई तक चलाया जा रहा है। इस अभियान के संचालन में स्वास्थ्य विभाग के साथ ही 12 अन्य विभाग भी शामिल हैं। अभियान की सफलता को लेकर संबंधित विभागों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग इसमें नोडल विभाग की भूमिका में है। अभियान के दौरान मच्छर पनपने वाले स्थानों को चिन्हित कर मच्छरों एवं उनके लार्वा को नष्ट करने का भी काम किया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोहतास कुमार ने बताया कि अभियान के पहले पखवारे में ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस (वीएचएनडी) पर 2,618 जागरूकता बैठकों का आयोजन कर लोगों को मच्छरों से बचाव की जानकारी दी गई। इसके साथ ही इन अवसरों पर 26,761 लोगों का टीकाकरण भी किया गया। इस दौरान 5,47,673 लोगों को क्लोरिनेशन के लिए जागरूक किया गया तथा 12,241 घरों का भ्रमण सोर्स रिडक्शन के लिए किया गया। इस अभियान के दौरान पांच घर ऐसे भी मिले जहां लार्वा पाए गए। इस अभियान को सफल बनाने के लिए नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों द्वारा वार्डों में योजना बनाकर साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण, मच्छररोधी छिड़काव एवं फागिंग का काम कराया जा रहा है। चूहे और सूकर संचारी रोगों के बड़े वाहक हैं, जिसके चलते कृषि विभाग द्वारा अब तक 1,586 गोष्ठियों का आयोजन लोगों को चूहा नियंत्रण के बारे में जानकारी दी जा चुकी है। इसी क्रम में पशु पालन विभाग द्वारा 362 सूकर पालकों को जागरूक करते हुए सूकरबाड़ों को आबादी से दूर बनाने और उनमें साफ-सफाई रखने के लिए निर्देशित किया जा चुका है। शिक्षा विभाग द्वारा 1760 रैलियां निकाल कर बच्चों एवं जन सामान्य को जागरूक करने का काम किया गया है। इसके अलावा इस अवधि में जिला पंचायती राज विभाग द्वारा 1,468 प्रभात फेरी निकाल कर ग्रामीणों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें मच्छरों से बचाव की जानकारी दी गई। इसके अलावा 598 गांवों में मच्छर पनपने वाली झाड़ियों की कटाई कराई गई। विभिन्न स्थानों पर जल भराव वाले 311 गड्ढों को मिट्टी से पाटकर उनमें मच्छरों के प्रजनन को रोकने का काम भी किया गया। संचारी रोग के नोडल अधिकारी डा. समीर वैश्य ने बताया कि ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान में स्वास्थ्य विभाग के अलावा बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, शिक्षा, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, दिव्यांगजन कल्याण, पशु पालन, कृषि, नगर विकास, सूचना विभाग, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग एवं सिंचाई भी सहयोग कर रहे है।
No comments