#हरदोई:- जिला पुस्तकालय में प्रतियोगी छात्रों को मिली नई उड़ान, पुस्तकों का वितरण और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत हुआ पौधारोपण#
#हरदोई:- जिला पुस्तकालय में प्रतियोगी छात्रों को मिली नई उड़ान#
#पुस्तकों का वितरण और 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत हुआ पौधारोपण#
#हरदोई: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से सोमवार को राजकीय जिला पुस्तकालय, हरदोई में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 'छात्र निधि' से खरीदी गई प्रतियोगी परीक्षाओं की उपयोगी पुस्तकों का वितरण किया गया, वहीं "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पुस्तकालय परिसर में वृहद पौधारोपण भी किया गया#
#कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई के पूर्व प्रधानाचार्य एवं वरिष्ठ प्रवक्ता सुधाकर बाजपेई तथा शिक्षक अजय शुक्ला ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों को प्रतियोगी पुस्तकें वितरित कीं। मुख्य अतिथि सुधाकर बाजपेई ने कहा कि "सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। सही मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और निरंतर मेहनत ही सफलता की कुंजी है।" वहीं शिक्षक अजय शुक्ला ने विद्यार्थियों को समय प्रबंधन और एकाग्रता के साथ तैयारी करने की प्रेरणा दी#
#पुस्तकालय प्रशासन ने बताया कि छात्र निधि का उपयोग करते हुए आईएएस, पीसीएस, एसएससी, बैंकिंग, रेलवे सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की नवीनतम पुस्तकें खरीदी गई हैं, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण पृष्ठभूमि के अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा। पुस्तक वितरण के बाद पुस्तकालय परिसर में बॉटल पाम, अशोक एवं अन्य फूलदार पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित अतिथियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया#
#कार्यक्रम के अंत में पुस्तकालाध्यक्ष विनय मिश्रा ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिला पुस्तकालय विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा भविष्य में भी पाठकों की मांग के अनुसार नई पुस्तकें उपलब्ध कराई जाती रहेंगी। इस अवसर पर सौरभ श्रीवास्तव, प्रवीण मिश्रा, वैभव पांडेय, रवींद्र सिंह, अटल कुमार, अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थी, नियमित पाठक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे#

No comments