Breaking News

#हरदोई:- बोल बम' के जयघोष के साथ भगवंतपुर से प्रथम कांवड़ यात्रा रवाना, शिवभक्ति में सराबोर दिखे श्रद्धालु#


#हरदोई:- बोल बम' के जयघोष के साथ भगवंतपुर से प्रथम कांवड़ यात्रा रवाना, शिवभक्ति में सराबोर दिखे श्रद्धालु#

#हरदोई: श्रावण मास की पावन बेला में भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा शनिवार को प्रताप नगर क्षेत्र के ग्राम भगवंतपुर ममरेजपुर में देखने को मिला। गांव से प्रथम कांवड़ यात्रा का शुभारंभ पूरे विधि-विधान और धार्मिक उत्साह के साथ किया गया। "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के गगनभेदी जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा#

#दोपहर में जैसे ही श्रद्धालुओं का जत्था मेंहदीघाट के लिए रवाना हुआ, गांव का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। डीजे पर बज रहे भगवान भोलेनाथ के मनमोहक भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु शिवभक्ति में झूमते नजर आए। गांव की गलियां भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठीं और हर ओर धार्मिक उल्लास का वातावरण दिखाई दिया#

#इस वर्ष की प्रथम कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में ऐसे श्रद्धालु भी शामिल हुए जिन्होंने पहली बार कांवड़ यात्रा का संकल्प लिया। उनके चेहरे पर भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक का उत्साह, श्रद्धा और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। शिवभक्ति के रंग में रंगे श्रद्धालु पूरे जोश और अनुशासन के साथ यात्रा पर निकले#

#यात्रा में शामिल भक्तों ने बताया कि यह पावन कांवड़ यात्रा ग्राम भगवंतपुर से प्रारंभ होकर माधौगंज और बिलग्राम होते हुए मेंहदीघाट पहुंचेगी। वहां सभी श्रद्धालु मां गंगा में स्नान करेंगे, विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे तथा मां गंगा की भव्य आरती में शामिल होकर पवित्र गंगाजल अपने कांवड़ों में भरेंगे। इसके बाद सभी श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हुए सोमवार को पावन तीर्थ नैमिषारण्य स्थित बाबा देवेश्वर धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे और सुख-समृद्धि, परिवार की खुशहाली तथा विश्व कल्याण की कामना करेंगे#

#श्रावण मास में निकली इस प्रथम कांवड़ यात्रा ने पूरे क्षेत्र में धार्मिक ऊर्जा का संचार कर दिया। गांव के लोगों ने श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की#

#इस अवसर पर अशोक तिवारी, अंकित यादव, अंकित सक्सेना, शिवप्रकाश तिवारी, संजीव कुमार तिवारी, हिमांशु तिवारी, अनुभव मिश्रा, शिवम मिश्रा, ललित तिवारी, रमन तिवारी, प्रिंस तिवारी, देवेश तिवारी, आशुतोष यादव, अभिषेक यादव, पदम जी, आयुष यादव, अविरल तिवारी, अर्पित यादव, धर्मेंद्र सक्सेना, मुलायम यादव सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त एवं ग्रामीण उपस्थित रहे#

No comments